Yamunanagar : मुख्यमंत्री सैनी ने मेले की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक
रिपोर्ट- अंकुर कपूर
Yamunanagar : हरियाणा के यमुनानगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को इस बार भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को आयोजन की सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। यह वार्षिक मेला 20 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
Yamunanagar : मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयोजन को यादगार बनाया जाए।

Yamunanagar : दस सिख गुरुओं के इतिहास को चित्रों के माध्यम से जानेंगे श्रद्धालु
इस बार मेले में सिख समाज के सभी दस गुरुओं के जीवन और इतिहास को सचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए श्रद्धालुओं को सिख गुरुओं के योगदान, उनके विचारों और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी मिलेगी।
इसके अलावा 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति की स्मृति में अंबाला में बनाए गए स्मारक से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मेले में आने वाले श्रद्धालु इस प्रदर्शनी के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीरों के योगदान को करीब से जान सकेंगे।
Yamunanagar सरकारी योजनाओं की भी दिखाई जाएगी झलक
कपालमोचन मेले में हरियाणा सरकार की विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आकर्षक तरीके से प्रस्तुत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी को इस तरह तैयार किया जाए, जिससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
Yamunanagar गुरु नानक देव जी पर होगा ड्रोन और लाइट एंड साउंड शो
इस बार कपालमोचन मेले का प्रमुख आकर्षण गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी के संदेशों और ऐतिहासिक प्रसंगों से परिचित कराया जाएगा।
आयोजन को तकनीक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विशेष रूप देने की तैयारी की जा रही है।
Yamunanagar 24 नवंबर को बिलासपुर में मनेगी गुरु नानक देव जी की जयंती
हरियाणा सरकार की संत महापुरुष प्रचार-प्रसार योजना के तहत 24 नवंबर को सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती बिलासपुर में मनाई जाएगी।
इस कार्यक्रम के माध्यम से गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन, समानता, सेवा, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कपालमोचन मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ ऐतिहासिक प्रदर्शनी, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आधुनिक तकनीक से तैयार सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे।
ये भी जानिए : Diya Kumari : भाई दूज पर सतीश पूनिया के घर पहुंचीं डिप्टी सीएम दिया कुमारी, तिलक लगाकर दी दीपावली की शुभकामनाएं


