by: vijay yadav
IndiavsPakistan : अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला भले ही पाकिस्तान ने जीत लिया, लेकिन मैदान पर भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने ऐसा काम किया जिसने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। बल्लेबाजी कर रहे पाकिस्तान के हसनैन अब्बास डार के जूतों के फीते खुल गए तो लक्ष्य खुद उनके पास पहुंचे और घुटनों के बल बैठकर फीते बांध दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मैदान पर दोनों देशों के बीच मुकाबले में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन लक्ष्य के इस व्यवहार ने दिखाया कि खेल में प्रतिद्वंद्विता के साथ सम्मान और इंसानियत भी जरूरी है। भारतीय कप्तान के इस कदम को खेल भावना की शानदार मिसाल माना जा रहा है।

IndiavsPakistan लक्ष्य के व्यवहार ने जीता दिल
मैच के दौरान पाकिस्तान के बल्लेबाज हसनैन अब्बास डार के जूतों के फीते खुल गए थे। इसी दौरान भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बिना किसी औपचारिकता के आगे बढ़कर उनके फीते बांध दिए। मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के बीच यह छोटा-सा पल खेल भावना का बड़ा संदेश दे गया।
क्रिकेट को जेंटलमैन गेम कहा जाता है। लक्ष्य का यह व्यवहार बताता है कि मैदान पर जीत और हार से ऊपर खेल का सम्मान और खिलाड़ियों के बीच आपसी आदर भी मायने रखता है।
IndiavsPakistan अर्जुन राजपूत के शतक से भारत ने बनाए 208 रन
ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी मैच की दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। 22 रन के स्कोर तक भारत के तीन विकेट गिर चुके थे।
ऐसे मुश्किल समय में अर्जुन राजपूत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को संभाला। उन्होंने 85 गेंदों पर 5 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 107 रन बनाए। मनल चौहान ने 11 और काव्य पटेल ने 23 रन का योगदान दिया। भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
IndiavsPakistan पाकिस्तान की ओर से अली रजा, रिजवानुल्लाह और नकाब शफीक ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
IndiavsPakistan 61 रन पर आधी टीम आउट, फिर हमजा जहूर ने पलटा मैच
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 रन के स्कोर तक पाकिस्तान के पांच प्रमुख बल्लेबाजों को आउट कर दिया। मनल चौहान ने तीन और मोहित उल्वा ने दो विकेट लिए।
इसके बाद हमजा जहूर और हसनैन अब्बास डार ने पारी को संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 107 रनों की अहम साझेदारी हुई। हसनैन ने 38 रन बनाए, जबकि हमजा जहूर ने शानदार शतक जड़कर पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित की।
हमजा जहूर 108 गेंदों पर 100 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
IndiavsPakistan ग्रुप-ए में पाकिस्तान शीर्ष पर, भारत के सामने UAE की चुनौती
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने ग्रुप-ए में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। भारतीय टीम एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर है।
अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए 10 नवंबर को UAE के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में UAE ने नेपाल को सात विकेट से हराया। इस मैच में नसीम खान ने पांच विकेट लिए, जबकि अयान मिस्बाह ने नाबाद 75 रन बनाए।
ये भी जानिए : Mallikarjun Kharge : दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताने पर खरगे घिरे, बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया सनातन विरोधी राजनीति का आरोप


