Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है और लोग धूप से बचने के लिए छाता, गमछा और दुपट्टे का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
Madhya Pradesh: बुंदेलखंड के जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
मौसम विभाग ने बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लू की स्थिति सबसे गंभीर मानी जा रही है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Madhya Pradesh: नौगांव बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर
शुक्रवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में तापमान 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री तथा दमोह और नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ और सागर में भी पारा 44 डिग्री के आसपास बना रहा।
लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कें खाली नजर आने लगी हैं और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
Madhya Pradesh: बड़े शहरों में भी गर्मी का असर तेज
प्रदेश के बड़े शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। जबलपुर सबसे गर्म प्रमुख शहर रहा, जहां तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
Madhya Pradesh: 31 मई तक जारी रह सकता है गर्मी का प्रकोप
मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के साथ ही तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने 26 मई तक जारी पूर्वानुमान में कहा है कि प्रदेशभर में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। वहीं 31 मई तक कई जिलों में तापमान अपने चरम स्तर तक पहुंच सकता है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत अधिकतर शहरों में दिन और रात दोनों समय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
Madhya Pradesh: इन जिलों में जारी किया गया रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट
रेड अलर्ट वाले जिलों में टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं।
ऑरेंज अलर्ट ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा जिलों में जारी किया गया है।
वहीं भोपाल, उज्जैन, रतलाम, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, शहडोल, सिंगरौली, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
Madhya Pradesh: दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के मुताबिक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। ऐसे में लोगों को बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
read also: Sagar: दैनिक जीवन में छोटे बदलाव से बनेगा बड़ा जन आंदोलन: गोविंद सिंह राजपूत





