संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena News मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-45 (छौंदा टोल के पास, शिकारपुर लिंक रोड) पर वाहन चेकिंग के दौरान एक भीषण हादसा हुआ। रात के समय पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। उसी दौरान धौलपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन भगाकर ग्वालियर की तरफ निकल गया।
12 किलोमीटर पीछा कर बानमोर के पास पकड़ा गया वाहन
Morena News दुर्घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने लोडिंग वाहन का तुरंत पीछा करना शुरू किया। नेशनल हाईवे पर लगभग 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने बानमोर के पास वाहन को धर दबोचा और चालक को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि इस लोडिंग वाहन में सब्जियां भरी हुई थीं और चालक राजस्थान के सैंया से सब्जियां लेकर ग्वालियर जा रहा था। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
ग्वालियर में इलाज के दौरान आरक्षक का निधन, पुलिस विभाग में शोक
Morena Newsहादसे में गंभीर रूप से घायल हुए आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सीएसपी कविंद्र सिंह चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मृतक आरक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
Read this: Horoscope : गुरुवार को इन राशियों की चमकेगी किस्मत, जानें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का भविष्यफल


