Report: Farhan khan
AgraNews उत्तर प्रदेश के आगरा में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती को उसके ही भाई द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया की है। यहां रात करीब 11:30 बजे राहुल नामक युवक ने अपनी बहन बेबी को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस के मुताबिक उसकी हालत अब सामान्य है।
छोटी बहन के प्रेम विवाह से नाराज था भाई
AgraNews पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे छोटी बहन के प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक नाराजगी की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बेबी ने अपनी छोटी बहन को घर बुलाया था। इस बात को लेकर उसका भाई राहुल नाराज हो गया। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोप है कि राहुल ने अपनी बहन पर गोली चला दी।
वारदात के बाद आरोपी फरार
AgraNews गोली लगने से घायल बेबी को परिजनों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी राहुल मौके से फरार हो गया।
पिता की शिकायत पर दर्ज होगा मुकदमा
AgraNews एसीपी छत्ता, कमिश्नरेट आगरा, सुश्री श्वेता वर्मा के मुताबिक, पुलिस को घटना की सूचना रात करीब साढ़े 11 बजे मिली थी। शुरुआती जांच में छोटी बहन के प्रेम विवाह और उसे घर बुलाने को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई है।
पुलिस युवती के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। साथ ही आरोपी राहुल की तलाश की जा रही है। पुलिस ने उसे जल्द गिरफ्तार करने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
Read this: Gold Silver Rate 21 Oct 2026 : सोना ₹451 और चांदी ₹545 सस्ती, जानें अपने शहर में आज का ताजा भाव


