BY: Yoganand Shrivastva
भोपाल के गुनगा इलाके में तीन एकड़ जमीन के विवाद ने एक किसान की जान ले ली। छोटे भाई की निर्मम हत्या के आरोप में उसके दो बड़े भाइयों और भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
गुनगा थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बनवारी सिंह ठाकुर (46) के रूप में हुई है, जो काछी बरखेड़ा गांव का निवासी था और खेती-किसानी करता था। चार भाइयों में सबसे छोटा बनवारी अपनी मां के साथ रहता था। पारिवारिक संपत्ति में से मां के हिस्से की तीन एकड़ जमीन बनवारी के नाम की गई थी। लेकिन, यह बात उसके बड़े भाइयों बैशराम सिंह और भुजमल सिंह को मंजूर नहीं थी। वे जमीन पर कब्जा जमाए हुए थे, जिसको लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
हत्या की रात क्या हुआ?
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात एक बार फिर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इस दौरान आरोपियों भुजमल सिंह, बैशराम सिंह और भुजमल के बेटे मनीष ने मिलकर बनवारी पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन बनवारी को अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
गुनगा थाना प्रभारी लावण्या वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





