झारखंड विधानसभा चुनाव का पहला चरण संपन्न हो चुका है, जिसमें प्रदेश की 81 में से 43 सीटों पर वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक 64.86 प्रतिशत मतदान हुआ। इस बार पिछली बार से अधिक मतदान हुआ है। बीजेपी ने जहां अपने संकल्प पत्र में 25 वादे किए हैं, तो वहीं इंडिया गठबंधन ने जन समस्याओँ के आधार पर 7 गारंटियां दी हैं।
जिन 43 सीटों पर वोटिंग हुई है, उनमें 17 सीटें जनरल, 20 एसटी, 6 एससी सीटें है। वोटिंग के लिए कुल 29,562 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। इनमें 5,042 शहरी और 24,520 ग्रामीण पोलिंग बूथ बनाए गए थे। 43 सीटों के पहले चरण में कुल 683 कैंडिडेट्स की किस्मत का फैसला होगा। जिनमें 609 पुरूषों समेत 73 महिलाएं भी शामिल है।
किन सीटों पर कांटे की टक्कर
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार चंपई सोरेन सरायकेला सीट पर झामुमों प्रतिद्वंदी गणेश महली से मुकाबला करते नज़र आए। चंपई के बेटे बाबूलाल सोरेन घाटशिला से भगवा पार्टी से मैदान में थे। उनका मुकाबला कैबिनेट मंत्री राम दास सोरेन से था। पूर्व कांग्रेस सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा बीजेपी के टिकट पर जगन्नाथपुर सीट से मौजूदा कांग्रेस विधायक सोना राम सिंकू से मुकाबला करती नज़र आई। पोटका में बीजेपी के पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा का मुकाबला मौजूदा विधायक संजीब सरदार से था।
कब होगा दूसरा चरण
झारखंड में दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोटिंग होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। जिसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो जाएगा।