Gwalior में खूनी संघर्ष: पड़ोसी ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सेल्समैन की मौत, परिवार के 4 लोग घायल

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Gwalior

Report: Arvind Chouhan

Gwalior मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुरानी रंजिश के चलते एक मोहल्ले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक परिवार ने अपने ही पड़ोसियों पर गोलियों की बौछार कर दी। मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव (खुरैरी) में हुए इस भीषण हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई है, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान रमेश कुशवाह के रूप में हुई है, जो पेशे से सेल्समैन थे।

Gwalior घर बनाने को लेकर 3 साल से था तनाव

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बघेल और कुशवाह परिवार के बीच विवाद की जड़ साल 2021 से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि जब कुशवाह परिवार ने अपना नया मकान बनाया था, तभी से पड़ोसी बघेल परिवार इसका विरोध कर रहा था। इसी पुरानी खुन्नस को लेकर मंगलवार रात विवाद फिर से भड़क उठा। आरोपियों ने मृतक के बेटे रवि पर “घूरने” का आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू किया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

Gwalior पथराव से शुरू हुआ बवाल और चलीं गोलियां

विवाद की शुरुआत मौखिक बहस से हुई थी, लेकिन जल्द ही यह लाठी-डंडों और पथराव में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बघेल परिवार के सदस्यों ने अचानक कुशवाह परिवार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में रमेश कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में मृतक की पत्नी पुष्पा, बड़ा बेटा अनिल, बहू नीतू और छोटा बेटा रवि लहूलुहान हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ रवि की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

अतुल सोनी सीएसपी मुरार सर्किल ग्वालियर

Gwalior हत्या के बाद आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी—अनार सिंह बघेल, सुखवीर बघेल, राजपाल बघेल और रामू बघेल—अपने घर पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और साक्ष्य जुटाए। मुरार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Read this: Mussoorie Dehradun मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौत