रिपोर्ट: जगबीर दुग्गल, भिवानी
Bhiwani News : भिवानी। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) की टीम ने तोशाम तहसील में तैनात एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी कृष्ण कुमार ने जमीन का इंतकाल दर्ज करने और उसकी कॉपी देने के बदले शिकायतकर्ता से 4,200 रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 2,000 रुपये वह पहले ही ले चुका था। सोमवार को शेष 2,200 रुपये लेते समय एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया।

Bhiwani News : इंतकाल दर्ज करने के बदले मांगी थी रिश्वत
मामले के अनुसार, गांव दरियापुर निवासी ओमप्रकाश ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता अपनी जमीन का इंतकाल दर्ज करवाना चाहता था। आरोप है कि तोशाम तहसील में तैनात पटवारी कृष्ण कुमार इसके लिए 4,200 रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पटवारी पहले ही 2,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था और शेष रकम देने के लिए दबाव बना रहा था। इसके बाद ओमप्रकाश ने एसीबी भिवानी से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की।
Bhiwani News : एसडीएम कार्यालय में बिछाया जाल, 2,200 रुपये लेते पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और संजय मक्कड़, उपमंडल कृषि अधिकारी भिवानी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।
निर्धारित योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पटवारी कृष्ण कुमार को शेष 2,200 रुपये दिए। इसी दौरान एसडीएम कार्यालय तोशाम परिसर में बने पटवारियों के कार्यालय से एसीबी की टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
Bhiwani News : भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज
एसीबी हिसार थाने में आरोपी पटवारी के खिलाफ एफआईआर नंबर 46, दिनांक 16 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्रैप की कार्रवाई इंस्पेक्टर जगजीत सिंह, एसीबी यूनिट भिवानी के नेतृत्व में हुई। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट संजय मक्कड़ भी मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत की गई। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Bhiwani News : भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
एसवी एवं एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत तुरंत विभाग से करें।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 जारी किए हैं। व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दी जा सकती है। एसीबी ने शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता बनाए रखने का भरोसा दिलाते हुए लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है।
ये भी जानिए : Jamshedpur Mata Jagran : अन्ना हजारे फ्रेंड्स क्लब का 16 वां माता जागरण संपन्न, स्नेहा सरगम के भजनों पर झूमे श्रद्धालु


