रिपोर्ट- मो. अतहर खान
Munger News : मुंगेर, बिहार के मुंगेर जिले में जिला पंचायती राज कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। कार्यालय में चपरासी के पद पर तैनात सुरेंद्र मंडल 9 नवंबर को घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों का आरोप है कि लापता होने से पहले कार्यालय में उनका एक सहकर्मी के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट होने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है।
Munger News : सहकर्मी से विवाद के बाद लापता हुए सुरेंद्र मंडल
जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र मंडल 9 नवंबर को रोजाना की तरह अपने घर से जिला पंचायती राज कार्यालय में ड्यूटी करने निकले थे। परिजनों के अनुसार, कार्यालय में किसी बात को लेकर उनका एक सहकर्मी के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट भी हुई।
परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद से सुरेंद्र मंडल का कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Munger News : CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, SIT गठित
मामले को लेकर मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 9 नवंबर को पुलिस को नजारत में कार्यरत सुरेंद्र मंडल के लापता होने की सूचना मिली थी। जानकारी में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन वह कार्यालय पहुंचे थे और उनकी एक सहकर्मी से कहासुनी हुई थी।
पुलिस ने जिला पंचायती राज कार्यालय और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Munger News : सरकारी कार्यालय में आखिर क्या हुआ था?
सुरेंद्र मंडल के अचानक लापता होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर कार्यालय में उस दिन ऐसा क्या हुआ था कि ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारी का उसके बाद कोई सुराग नहीं मिला? सहकर्मी के साथ हुए विवाद की असल वजह क्या थी? क्या सीसीटीवी फुटेज से उनकी गुमशुदगी का कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल पाएगा?
एक तरफ परिवार सुरेंद्र मंडल की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की एसआईटी उनकी तलाश में जुटी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
ये भी जानिए : Gold Silver Price 17Nov2026 : सोना-चांदी की कीमतों में फिर उछाल, 1.35 लाख के पार पहुंचा गोल्ड, चांदी भी महंगी


