Gwalior Cyber Fraud: साइबर ठगों ने ग्वालियर के एक 75 वर्षीय कारोबारी को ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 1 करोड़ 41 लाख 17 हजार रुपए का चूना लगा दिया। ठगों ने पहले फेसबुक पर महिला प्रोफाइल से दोस्ती की, फिर फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट के जरिए मोटे मुनाफे का लालच देकर पांच महीने तक अपने जाल में फंसाए रखा। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Gwalior Cyber Fraud: फेसबुक से दोस्ती, फिर ट्रेडिंग का झांसा
गोला का मंदिर स्थित मुरार इन्क्लेव निवासी दुर्गा प्रसाद नागर (75) गत्ता फैक्ट्री संचालक हैं। वर्ष 2025 में उनकी फेसबुक पर एक महिला से दोस्ती हुई। महिला ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडर बताते हुए बड़े मुनाफे का दावा किया। इसके बाद 19 सितंबर 2025 को उन्हें Support@DGMCOINS.VIP ई-मेल से संपर्क किया गया और GOLD/DGMCOINFX.COM नामक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।

चार बैंकों से ट्रांसफर किए 1.41 करोड़ रुपए
लालच में आकर कारोबारी ने अपने चार बैंक खातों से ठगों के बताए खातों में रकम भेजी—
- एक्सिस बैंक (सिटी सेंटर)
- आईसीआईसीआई बैंक (सिटी सेंटर)
- आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (सिटी सेंटर)
- एचडीएफसी बैंक (सिटी सेंटर)
कुल मिलाकर उन्होंने 1,41,17,000 रुपए निवेश कर दिए।
मुनाफा दिखाया, निकासी पर फंसाया
28 जून से 19 नवंबर तक कारोबारी को खाते में बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ता गया। लेकिन जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने कैपिटल गेन टैक्स और अन्य चार्जेज के नाम पर और पैसे मांगने शुरू कर दिए। रकम देने से इनकार करने पर ठगों ने संपर्क बंद कर दिया।
वेबसाइट के जरिए ही पूरी बातचीत
इस बार ठगों ने टेलीग्राम, व्हाट्सएप या कॉल की जगह पूरी बातचीत वेबसाइट के माध्यम से की, जिससे पीड़ित को यह असली प्लेटफॉर्म लगा।
Gwalior Cyber Fraud: एसएसपी तक पहुंची शिकायत, केस दर्ज
ठगी का एहसास होने पर कारोबारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। गंभीरता देखते हुए साइबर सेल को जांच सौंपी गई। प्राथमिक जांच के बाद साइबर क्राइम थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।

यह खबर भी पढ़ें: MP News 01-02-2026: जानें MP की 10 बड़ी खबरें
Gwalior Cyber Fraud: पुलिस कर रही तकनीकी जांच
साइबर सेल अब यह पता लगा रही है कि पैसा किन खातों में गया और उसे कहां ट्रांसफर किया गया। आरोपियों की पहचान के लिए डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले जा रहे हैं।





