Report: Vijay Ahirwar
Guna Theft Case गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चुरेलिया गांव में हुई बड़ी चोरी की वारदात ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश एक किसान के घर से भारी-भरकम तिजोरी उठाकर फरार हो गए। पीड़ित किसान बाबूलाल मीणा का दावा है कि तिजोरी में बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी रखी हुई थी, जिसकी कुल कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक है।
Guna Theft Case ढाई किलो सोना, चांदी और नकदी होने का दावा

पीड़ित परिवार के अनुसार तिजोरी में करीब ढाई किलो सोना, पांच किलो चांदी और लगभग 12 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। चोरी की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि वारदात के 24 घंटे बाद भी चोरी गई तिजोरी का कोई पता नहीं चल सका है।
Guna Theft Case पारदी गैंग पर शक, कई ठिकानों पर दबिश
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे कुख्यात पारदी गैंग का हाथ हो सकता है। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए जिले की कई विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पारदी गिरोह लंबे समय से देश के विभिन्न राज्यों में चोरी और डकैती जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। यह गिरोह पहले रेकी कर संपन्न परिवारों को निशाना बनाता है और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता है। गुना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Guna Theft Case पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
इतनी बड़ी चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस के लिए तिजोरी और आरोपियों का पता लगाना बड़ी चुनौती बन गया है। जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।



