BY: Yoganand Shrivastva
बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पदभार ग्रहण करते ही बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कुल 33 हजार पदों पर जल्द बहाली की जाएगी। इनमें से 26 हजार से अधिक पदों की भर्ती लगभग अंतिम चरण में पहुँच चुकी है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
मंत्री के अनुसार, इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 7,600 नए पदों के लिए भी शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने वाली है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन भर्तियों से राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत आधार मिलेगा।
तीन जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज
मंगल पांडेय ने जानकारी दी कि अगले साल वैशाली, सीवान और भोजपुर जिलों में तीन नए मेडिकल कॉलेज शुरू हो जाएंगे। इन कॉलेजों के शुरू होने से डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मेडिकल शिक्षा को भी मजबूती मिलेगी। मंत्री ने पदभार ग्रहण करने के बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं और भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा भी की।





