BY: Yoganand Shrivastva
दिल्ली: लाल किले परिसर से जैन समुदाय के एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सोने-हीरे से जड़ा 1 करोड़ रुपये का कलश चोरी हो गया था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अब इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने चोरी के मामले में भूषण वर्मा नाम के शख्स को उत्तर प्रदेश के हापुड़ से गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जैन समुदाय से नहीं है। लेकिन सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा था कि उसने धोती और चुन्नी पहन रखी थी, जो जैन धार्मिक अनुष्ठानों में पहनने वाले परिधान से मेल खाती है।
चोरी की योजना बेहद संगठित थी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना को बहुत ही सावधानी और प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी को ट्रैक किया गया और गिरफ्तार किया गया।
एक नहीं, बल्कि तीन कलश?
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तीन कलश चोरी किए थे। फिलहाल, पुलिस ने एक कलश बरामद कर लिया है और शेष दो कलशों के लिए जांच और रेड जारी है।
कलश का धार्मिक और भौतिक महत्व
चोरी किए गए कलश में 760 ग्राम सोना और 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ना जड़े हुए थे। जैन समुदाय के लिए यह कलश केवल भौतिक मूल्य का नहीं, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आयोजकों ने बताया कि इस चोरी से समुदाय में काफी परेशानी और चिंता पैदा हुई है।





