,

फ़िरोज़ाबाद: बाइक चला रहे युवक के साथ-साथ दौड़ रही थी मौत, अचानक बाइक रोकी और फिर ….!

Firozabad: Death was running along with the young man riding the bike, suddenly he stopped the bike and then....!

रिपोर्ट- प्रेमपाल सिंह, एडिट- विजय नंदन

फ़िरोज़ाबाद: जिले के शिकोहाबाद में सोमवार दोपहर लकड़ी कारोबारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें चलती बाइक पर ही हार्ट अटैक आ गया, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना क्षेत्र के जरैला निवासी पंचम सिंह (40) पुत्र रामनाथ लकड़ी का कारोबार करते थे। सोमवार दोपहर वह अपने कर्मचारी दिलशाद के साथ बाइक से शिकोहाबाद से अपने घर जा रहे थे। बाइक दिलशाद चला रहा था। नौशहरा ओवर ब्रिज के पास पहुँचते ही पंचम सिंह को अचानक सीने में दर्द हुआ और उन्हें अटैक आ गया। दर्द से परेशान होकर उन्होंने तुरंत बाइक रुकवाई।

कर्मचारी दिलशाद ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुँचे और आनन-फानन में कारोबारी को लेकर अस्पताल आए। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंचम सिंह की मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

इस दुःखद घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भतीजे अर्जुन ने बताया कि उनके चाचा (पंचम सिंह) पिछले कुछ दिनों से भारी तनाव में थे। अर्जुन (मृतक के परिजन) “कुछ दिन पहले वन विभाग ने उनकी लकड़ी पकड़ी थी और छोड़ने के लिए दस हजार रुपये ले लिए थे। इसी बात को लेकर वह काफी तनाव में थे, जिसके कारण उन्हें अटैक पड़ गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। परिजनों के उत्पीड़न के आरोपों की जांच की माँग भी की गई है।