रिपोर्ट – रवि जैस्ट, गुहला चीका BY- ISA AHMAD
गुहला चीका। जिला पुलिस कैथल द्वारा सेवा पखवाड़ा के तहत थाना चीका में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में थाना गुहला, थाना अरनौली, थाना सीवन और गुहला क्षेत्र के सभी चौकियों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर में कुल 40 से ज्यादा यूनिट रक्त एकत्र किया गया। डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि रक्त एकत्रित करने के लिए सरकारी रैडक्रॉस ब्लड बैंक की टीम मौजूद रही।
डीएसपी का संदेश
डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का अनमोल अवसर है। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमी नहीं आती, बल्कि नया रक्त बनने से स्वास्थ्य में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा, “रक्त की चंद बूंदें किसी का जीवन बचाने में अहम हो सकती हैं।”
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर रक्तदान करें, ताकि जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सके।
सम्मान और प्रोत्साहन
शिविर के अवसर पर डीएसपी गुहला कुलदीप बेनीवाल ने रक्तदाताओं को बैज और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। यह कदम न केवल पुलिसकर्मियों को प्रेरित करता है बल्कि आम नागरिकों को भी रक्तदान के महत्व को समझने का संदेश देता है।





