Report: Sanjeev kumar
Bokaro । शहर के सेक्टर 6 थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। सेक्टर 6 बी निवासी गौतम कुमार का शव उसके पिता के आवास में फंदे से झूलता हुआ पाया गया। इस घटना ने तब नया मोड़ ले लिया जब मृतक की पत्नी ने अपने सास-ससुर और ननद पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शादी के आठ महीने बाद ही उजड़ा सुहाग
Bokaro जानकारी के अनुसार, मृतक गौतम कुमार और शिवानी कुमारी का विवाह 4 जुलाई 2025 को हुआ था। वर्तमान में शिवानी गर्भवती है और कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। शिवानी ने बताया कि वह अपने पति के कहने पर ही मायके गई थी, क्योंकि ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पति की मौत की खबर मिलते ही शिवानी थाना पहुँची और अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप
Bokaro थाने में दिए गए आवेदन में शिवानी ने अपने ससुर निरंजन कुम्हार, सास कल्याणी देवी और ननद रूबी देवी को अपने पति की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वाले न केवल उसे बल्कि उसके पति को भी मानसिक रूप से परेशान करते थे। शिवानी का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित प्रताड़ना का परिणाम है, जिसके कारण गौतम को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा या उसकी हत्या की गई है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
Bokaro सेक्टर 6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के आत्महत्या की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी का आवेदन स्वीकार कर लिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।





