Vidisha : लटेरी में जंगल राज: ‘मेरे इशारे पर चलते हैं बड़े अफसर’, वकील ने नाकेदार को दी जान से मारने की धमकी, ऑडियो वायरल

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Vidisha

Report: Rinku suman

Vidisha विदिशा जिले के लटेरी वन मंडल में माफिया और रसूखदारों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब सरकारी कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला उत्तर वन रेंज की मुरवास बीट का है, जहाँ एक कथित वकील देव ठाकरे ने नाकेदार वीरनारायण जोशी को फोन पर न केवल भद्दी गालियां दीं, बल्कि डीएफओ और पीसीसीएफ जैसे उच्चाधिकारियों से अपने निजी संबंधों का हवाला देते हुए उन्हें बर्बाद करने की धमकी भी दी।

“अगर कार्रवाई की तो मर जाओगे”: रोंगटे खड़े कर देने वाली धमकी

Vidisha वायरल ऑडियो में तथाकथित वकील देव ठाकरे नाकेदार को धमकाते हुए कह रहा है कि “मेरी कब्जे वाली जमीन की तरफ आंख उठाकर भी मत देखना, वरना संकट में आ जाओगे। डीएफओ हेमंत यादव तो नया लड़का है, वह भी मुझे अच्छे से जानता है।” वकील ने यहाँ तक दावा किया कि भोपाल में बैठे पीसीसीएफ (PCCF) असीम श्रीवास्तव से उसके घरेलू संबंध हैं और विभाग के अधिकारी उसके इशारों पर काम करते हैं। उसने नाकेदार को डराते हुए कहा, “अगर दोबारा नोटिस दिया तो निपट जाओगे, फिर तुम्हारे बच्चों का क्या होगा।”

पुरस्कार पाने वाले नाकेदार पर गिरी गाज

Vidisha हैरानी की बात यह है कि जिस नाकेदार वीरनारायण जोशी ने वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी करने का साहस दिखाया, उन्हें ही विभाग ने सस्पेंड कर दिया है।

  • सम्मान: बता दें कि इसी नाकेदार को 15 अगस्त 2025 को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक द्वारा भोपाल में सम्मानित किया जा चुका है।
  • विवाद: डीएफओ हेमंत यादव ने नाकेदार को ‘अनियमितताओं’ के चलते निलंबित करने की बात कही है और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस कार्रवाई ने विभाग की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

माफिया के चंगुल में 20 हजार हेक्टेयर वन भूमि

Vidisha लटेरी का जंगल क्षेत्र पिछले पांच वर्षों से सागौन तस्करों और भू-माफिया का गढ़ बना हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक:

  • जिले में करीब 1 लाख हेक्टेयर वन भूमि है।
  • इसमें से लगभग 20 हजार हेक्टेयर पर माफिया का अवैध कब्जा है।
  • मुरवास, मसूड़ी और सगड़ा जैसे इलाकों में बेशकीमती सागौन की अंधाधुंध कटाई कर उसे राजस्थान और अन्य राज्यों में तस्करी किया जा रहा है।

Read this: Anti Naxal Operation: बीजापुर में पुलिस-माओवादियों के बीच मुठभेड़, दो इनामी नक्सली ढेर