रिपोर्ट- सुमन
Jaipur News : घरों में रखी खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं और धार्मिक चित्रों को इधर-उधर फेंकने से रोकने के लिए नित्यम फाउंडेशन ने अनूठी मुहिम शुरू की है। इसके तहत वार्ड 87 में विशेष संग्रहण बॉक्स लगाए जाएंगे, जहां एकत्रित प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा।
जयपुर। देवी-देवताओं की खंडित प्रतिमाओं और पुराने धार्मिक चित्रों के सम्मानजनक विसर्जन के लिए जयपुर में नित्यम फाउंडेशन ने एक नई पहल शुरू की है। इस अभियान का शुभारंभ स्वेज फार्म स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से वार्ड 87 की पार्षद प्रतिभा शर्मा ने किया। संस्था का लक्ष्य इस मुहिम को वार्ड 87 से आगे बढ़ाकर पूरे जयपुर शहर तक पहुंचाना है।
Jaipur News : खंडित प्रतिमाओं के लिए लगाए जाएंगे विशेष संग्रहण बॉक्स
नित्यम फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य घरों में रखी खंडित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं, धार्मिक तस्वीरों और अन्य विग्रहों को सार्वजनिक स्थानों, पेड़ों के नीचे या कचरे में फेंके जाने से रोकना है।

इसके लिए वार्ड 87 के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष संग्रहण बॉक्स लगाए जाएंगे। लोग अनुपयोगी और खंडित धार्मिक प्रतिमाएं व चित्र इन बॉक्स में रख सकेंगे। इसके बाद एकत्रित सामग्री का उचित स्थान पर विधि-विधान से सम्मानपूर्वक विसर्जन सुनिश्चित किया जाएगा।
Jaipur News : पार्षद प्रतिभा शर्मा ने की पहल की सराहना
अभियान का शुभारंभ करते हुए पार्षद प्रतिभा शर्मा ने नित्यम फाउंडेशन की टीम को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजा की जाती है। ऐसे में प्रतिमाओं के खंडित होने या पूजा सामग्री के अनुपयोगी हो जाने पर उन्हें इधर-उधर छोड़ना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिस श्रद्धा के साथ देवी-देवताओं की पूजा की जाती है, उसी सम्मान और भाव के साथ खंडित प्रतिमाओं का भी उचित तरीके से विसर्जन होना चाहिए।
Jaipur News : पूरे जयपुर में अभियान विस्तार करने का लक्ष्य
प्रतिभा शर्मा ने इस मुहिम को केवल स्वेज फार्म तक सीमित न रखकर पूरे वार्ड 87 और जयपुर शहर में विस्तार देने पर जोर दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में संग्रहण बॉक्स स्थापित करवाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने कॉलोनीवासियों से सामाजिक और जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्थानीय नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
Jaipur News : स्वेज फार्म विकास समिति के गठन की भी पहल
कार्यक्रम के दौरान पार्षद ने स्वेज फार्म विकास समिति के गठन की दिशा में भी पहल करने की बात कही। इसका उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों और सामाजिक अभियानों में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ये भी जानिए छ Viral Video : रोबोटिक कड़ाही का कमाल, बिना हाथ लगाए खुद पक रही सब्जी; ये देख रसोइए हैरान-परेशान !


