रिपोर्ट- मनोज
Katihar News : बिहार के कटिहार में दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक मासूम बच्ची को नया परिवार मिल गया। हैदराबाद के दंपती ने बच्ची को गोद लिया है। जिला पदाधिकारी ने दत्तक ग्रहण का आदेश जारी कर बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में एक मासूम बच्ची को नया परिवार और जीवन की नई खुशियां मिली हैं। विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित बच्ची को सोमवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद हैदराबाद (तेलंगाना) के दंपती ने विधिवत गोद ले लिया। दत्तक ग्रहण करने वाले माता-पिता ने बच्ची का नया नाम तारा सरवनन रखा है।
Katihar News : डीएम ने दत्तक ग्रहण का आदेश किया जारी
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद बच्ची को हैदराबाद निवासी दंपती सरवनन बी. और अनिता श्रीजी को गोद देने का आदेश पारित किया।

आदेश जारी होने के बाद बच्ची को उसके नए माता-पिता ने तारा सरवनन नाम दिया। इस कानूनी प्रक्रिया के साथ ही बच्ची को अपने नए परिवार में जैविक संतान के समान सभी कानूनी और पारिवारिक अधिकार प्राप्त हो गए हैं।
बच्ची को अपने परिवार का हिस्सा बनाकर हैदराबाद से आए दंपती बेहद खुश नजर आए। जिला पदाधिकारी ने दंपती को बधाई देते हुए बच्ची के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Katihar News : दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
दत्तक ग्रहण का आदेश पारित किए जाने के अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक रविशंकर तिवारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Katihar News : परित्यक्त बच्चों को संरक्षण देने के लिए जागरूकता पर जोर
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान और गोद लेने की कानूनी प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से परित्यक्त बच्चों को समय पर संरक्षण मिल सकेगा और उन्हें विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया जा सकेगा।
डीएम ने कहा कि केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) की पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से संतान की प्रतीक्षा कर रहे दंपतियों को बच्चे गोद लेने का अवसर मिलता है। इससे जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित परिवार और बेहतर भविष्य मिल सकता है। उन्होंने इस पुनीत कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और हितधारकों को संवेदनशीलता तथा जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।


