बालोद: फर्जी समूह बनाकर महिलाओं से 10.50 लाख की ठगी

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Balod: Women cheated of Rs 10.50 lakh by creating fake group

संवाददाता: राजेश साहू

कुआगोंदी गांव में सामने आई ठगी की चौंकाने वाली घटना, 21 महिलाएं आर्थिक संकट में

बालोद जिले के कुआगोंदी गांव से महिलाओं के साथ ₹10.50 लाख की धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव की 21 भोली-भाली महिलाओं के नाम पर लोन लेकर दो महिलाओं ने पूरी रकम खुद हड़प ली, जिससे अब पीड़ित महिलाएं गहरे आर्थिक संकट में फंस गई हैं।

पूजा और संध्या ने मिलकर रची लोन धोखाधड़ी की साजिश

इस ठगी की साजिश रची दल्लीराजहरा निवासी पूजा भारद्वाज और संध्या गुलेंद्र ने। इन्होंने गांव की 21 महिलाओं का फर्जी स्वयं सहायता समूह बनाकर एक प्राइवेट माइक्रोफाइनेंस कंपनी से ₹10.50 लाख का समूह लोन लिया। लोन लेते समय महिलाओं को भरोसे में लेने के लिए इन दोनों ने एक शपथ पत्र भी बनवाया, जिसमें लिखा गया था कि लोन की पूरी राशि वे खुद किश्तों में चुकाएंगी।

लोन की राशि खुद रख ली, महिलाओं को मिला धोखा

लोन की रकम मिलने के बाद पूजा और संध्या ने न तो समूह की महिलाओं को एक भी पैसा दिया और न ही किश्तें चुकाईं। अब कंपनी उन 21 महिलाओं से किश्तों की वसूली कर रही है, जिनके नाम पर लोन लिया गया था। नतीजतन, महिलाएं अपने घर का धान, चावल और यहां तक कि गहने बेचकर किश्तों की रकम भरने को मजबूर हैं।

थाने से नहीं मिला न्याय, अब कलेक्टर से लगाई गुहार

पीड़ित महिलाओं ने इस मामले में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। थक-हार कर अब महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रही हैं। उनका कहना है कि जब लोन लेने से पहले शपथ पत्र में लिखा गया कि किश्तें दोनों आरोपी महिलाएं भरेंगी, तो फिर उन्हें परेशान क्यों किया जा रहा है?

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पीड़ित महिलाओं ने जिला प्रशासन से इस गंभीर वित्तीय अपराध में तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगी।

- Advertisement -
Ad imageAd image