Ambikapur: शहर में देर रात बड़ी लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोबाइल कंपनी के डीलर और अग्रवाल इंटरप्राइजेज इंद्रप्रस्थ के संचालक अनिल अग्रवाल के साथ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूट को अंजाम दिया।
घात लगाकर बैठे बदमाशों ने किया हमला
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने स्कूटी से घर लौट रहे अनिल अग्रवाल पर अचानक हमला कर दिया। हमले में कारोबारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

20 लाख रुपये लेकर फरार हुए लुटेरे
बेहोशी की हालत में पड़े अनिल अग्रवाल से बदमाशों ने करीब 20 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अनिल अग्रवाल मोबाइल कंपनी के सब-डीलरों से करीब 20 लाख रुपये का कलेक्शन कर देर रात घर लौट रहे थे।
लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में गंभीर रूप से घायल कारोबारी को लहूलुहान हालत में तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम निगरानी में रखे हुए है।

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शहर में इस बड़ी लूट के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
यह खबर भी पढ़ें: CG: छत्तीसगढ़ की 10 मुख्य खबरें ( 29-12-2025)
Koriya: पूजा कर बाहर निकल रही महिला पर गिरा मंदिर का पिलर, मौके पर मौत





