BY: Yoganand Shrivastva
भोपाल: नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने गई थी, तभी एक युवक ने कर्मचारियों पर छूरी से हमला कर दिया। हमले में दो कर्मचारियों को हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। आरोपी दुकान हटाने का विरोध कर रहा था। घटना की रिपोर्ट श्यामला हिल्स थाने में दर्ज करवाई गई है।
घटना का विवरण
मंगलवार दोपहर को पॉलिटेक्निक चौराहे और एमएलबी कॉलेज के पास यह घटना हुई। नगर निगम अमला नियमित अतिक्रमण कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान एक युवक फुटपाथ पर हेलमेट बेचने के लिए बैठा था। जब उसे हटाने के लिए कहा गया, तो उसने कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
कर्मचारियों को लगी चोट
हमले में मोहम्मद अकबर और रमेश राठौर घायल हुए। आरोपी ने पहले अकबर पर छूरी से हमला किया। बचाव में अकबर ने हाथ आगे रखा, जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बीच-बचाव में आए रमेश को आरोपी ने मुंह पर छूरी मार दी।
घायलों का इलाज और पुलिस कार्रवाई
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। नगर निगम अमला तुरंत श्यामला हिल्स थाने पहुंचा और दोनों कर्मचारियों का हमीदिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





