रिपोर्ट: शैलेंद्र पारे
रतलाम। बुधवार देर रात रतलाम जिला अस्पताल में इलाज में देरी को लेकर एक युवक ने जमकर हंगामा किया। दिलीप नगर निवासी गौरव सोलंकी उर्फ जिमा अपने पिता का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इलाज में देरी होने पर उन्होंने पहले ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सीपी सिंह राठौर से अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करने लगे। जब डॉक्टर ने विरोध किया, तो गौरव और उसके साथ आए लोग वीडियो बनाते हुए अश्लील भाषा का प्रयोग करने लगे।
स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर ने अस्पताल चौकी को सूचना दी। मौके पर आरक्षक विकास गरवाल और होमगार्ड सैनिक प्रमोद महावर पहुंचे। दोनों ने गौरव को शांत करने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उल्टा जवानों पर नशे में होने का आरोप लगाकर हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद उसने दोनों को अस्पताल के ड्रेसिंग रूम में लात-घूसों से पीटा। यह पूरी घटना उसके साथ आए लोगों द्वारा वीडियो में कैद की गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने भी कदम उठाए हैं। यह घटना रतलाम में स्वास्थ्य सुविधाओं में आई देरी और मरीजों तथा उनके परिजनों की बढ़ती बेचैनी को उजागर करती है।





