REPORT- SANJU JAIN, BY- ISA AHMAD
बेमेतरा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के ओड़िया गांव स्थित एक पाइप फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बेमेतरा और कवर्धा की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री परिसर में रखे पाइप, मशीनें और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।
यह हादसा खंडसरा चौकी क्षेत्र के ओड़िया गांव का है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग से हुए आर्थिक नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।





