BY- ISA AHMAD
एमसीबी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत ताराबहरा स्थित केवई नदी में एक नवजात शिशु का शव तैरता हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण सुबह मछली पकड़ने के लिए नदी पर पहुंचे थे, तभी उन्होंने पानी में तैरता हुआ नवजात शिशु का शव देखा। घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह को दी। सूचना मिलते ही अनीता सिंह केल्हारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने नवजात शिशु के शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात को नदी में किसने और क्यों फेंका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बेहद दुखद है और इसकी पूरी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।





