,

अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर हमला: 18000 शपथपत्र दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई

BY: Yoganand shrivastva

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने वोट चोरी के सबूत के तौर पर 18,000 शपथपत्र आयोग को सौंपे हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक ग्राफिक साझा किया, जिसमें शपथपत्रों की संख्या और आयोग की चुप्पी को दिखाया गया है। उन्होंने लिखा – “चिट्ठा लंबा होता जा रहा है जिनकी करतूतों-कारनामों का, उनका जवाब भी न आया अब तक हमारे हलफनामों का।”


चुनाव आयोग में आमूलचूल सुधार की मांग

सपा प्रमुख ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि आयोग में केवल बदलाव नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुधार और आमूलचूल परिवर्तन की आवश्यकता है।

अखिलेश ने लिखा – “लोकतंत्र को बचाने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी चुनाव आयोग के कंधों पर है। अधिकारियों को अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए और सही रास्ते पर चलना चाहिए। जब आयोग साहसिक कदम उठाएगा, तो करोड़ों भारतवासी उसका साथ देंगे और वही उसका रक्षा कवच बनेंगे। सत्य के मार्ग पर उठाया गया एक कदम आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय कर सकता है।”


विपक्ष लगातार लगा रहा वोट चोरी के आरोप

सिर्फ सपा ही नहीं, बल्कि कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल भी सत्तारूढ़ भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगा चुके हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि भाजपा को चुनाव आयोग की मदद से फायदा पहुंचाया गया।

हालांकि, चुनाव आयोग ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है। आयोग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का ऐलान किया है, जिसमें इन दावों पर विस्तृत जवाब दिया जा सकता है।

Epilepsy Seizure Control : बार-बार पड़ते हैं मिर्गी के दौरे? जानिए इन्हें कंट्रोल करने के तरीके

Epilepsy Seizure Control : मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें मस्तिष्क की…