रिपोर्ट- संजीव कुमार
बोकारो/चास।
चास के पुरुलिया रोड स्थित श्री श्री सनी ठाकुर बाड़ी में इस वर्ष 52वां वार्षिक श्रावणी महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव की सबसे प्रमुख आकर्षण रही शनिदेव जी की भव्य शोभायात्रा, जो शनिवार को बड़े ही धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ निकाली गई।
यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बाईपास रोड, चेक पोस्ट, मेन रोड, महावीर चौक होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर ओर भक्ति भाव का वातावरण छा गया।
इस अवसर पर उड़ीसा, बनारस और जमशेदपुर से आए कलाकारों ने शोभायात्रा में रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। खास तौर पर शिव तांडव नृत्य और विभिन्न धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों के माध्यम से सनातन संस्कृति की झलक भी दिखाई दी।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जिसमें महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन की व्यवस्था शनि सेवक मंडल द्वारा की गई थी, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रावणी महोत्सव के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने शनिदेव से परिवार की सुख-शांति और कल्याण की कामना की। आयोजकों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।





