BY: Yoganand Shrivastva
इंदौर, मंगलवार रात – महाकाल दर्शन से लौटते वक्त एक भीषण सड़क दुर्घटना में ढाबा संचालक की जान चली गई, जबकि उसका साथ मौजूद कुक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा इंदौर के समीप धरावरा धाम के पास हुआ जब तेज़ रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना धार रोड स्थित धरावरा धाम के पास हुई। बनोदा धन्नड़ गांव निवासी 25 वर्षीय सचिन मालवीय, अपने कुक चेतन के साथ उज्जैन में महाकाल के दर्शन करके लौट रहे थे। चेतन मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और सचिन के ढाबे में बतौर रसोइया काम करता है। इसी दौरान एक कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चेतन गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
परिजनों ने बताया कि सचिन हाईवे के किनारे एक छोटा ढाबा चलाता था और वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी एक छोटी बहन भी है जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। पिता किसानी कर परिवार का सहारा बने हुए थे, अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। घायल चेतन का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है, जिससे आमजन की जान दांव पर लग रही है।





