इंदौर में सकुशल मिली रतलाम की लापता छात्रा: सीसीटीवी और सोशल मीडिया की मदद से मिली सुराग, खजूरी बाजार में मिली बैठी

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva

रतलाम, रतलाम के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा उर्वशी पाटीदार शनिवार दोपहर को अचानक स्कूल से लापता हो गई थी। जब वह स्कूल से घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। देर रात तक उसे ढूंढने के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज करवाई।

रविवार सुबह इंदौर के खजूरी बाजार में एक स्थानीय युवक कुणाल पाटीदार की सतर्कता से छात्रा सकुशल मिल गई। युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो से पहचान की और दिए गए नंबर पर कॉल कर परिजनों को सूचना दी। फिलहाल परिजन रतलाम पुलिस के साथ इंदौर रवाना हो गए हैं।


छुट्टी के बाद स्कूल से अकेले निकली, ई-रिक्शा में बैठकर पहुंची स्टेशन

छात्रा के स्कूल छोड़ने का पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था। फुटेज में देखा गया कि छात्रा छुट्टी के बाद ट्रैक सूट में स्कूल से निकलकर लोकेंद्र भवन रोड की ओर जाती है और फिर काला घोड़ा चौराहे की तरफ बढ़ती है। इसके बाद वह ई-रिक्शा में बैठकर सीधे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 तक पहुंचती है।

परिजन बोले – बिना बताए चली गई, चिंता से बुरा हाल

पिता कन्हैया पाटीदार ने बताया कि वे गांव हतनारा के रहने वाले हैं। उनकी बेटी उर्वशी, रतलाम में अपने बड़े पिताजी ज्ञानचंद पाटीदार के घर रहकर पढ़ाई करती है। शनिवार को उर्वशी के चचेरे भाई की स्कूल से जल्दी छुट्टी हो गई थी, लेकिन उर्वशी बाद में छुट्टी के समय स्कूल से निकली और इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।

सीसीटीवी, ऑटो चालकों और सोशल मीडिया से जुड़ी कड़ियाँ

पुलिस और परिजन दोनों ने मिलकर कई जगहों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, आसपास के इलाके छाने गए। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को छात्रा की तस्वीरें दिखाकर पूछताछ की गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर छात्रा की फोटो तेजी से वायरल की गई, जिससे कई लोगों तक यह खबर पहुंची।

इंदौर के खजूरी बाजार में मिली बेटी

रविवार सुबह इंदौर के खजूरी बाजार इलाके में एक घर के सामने एक डरी-सहमी बच्ची को कुणाल पाटीदार नाम के युवक ने देखा। उसने तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से उसकी पहचान की और परिजनों को कॉल करके सूचना दी। इसके बाद राहत की सांस लेते हुए परिजन तुरंत रतलाम पुलिस के साथ इंदौर रवाना हो गए।

अभी सामने नहीं आया है भागने का कारण

हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि उर्वशी स्कूल से बिना बताए क्यों निकली, या उसके मन में क्या चल रहा था। यह भी पता नहीं चला है कि वह रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई या इंदौर कैसे पहुंची। पुलिस बच्ची से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सके।

Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana: कलेक्टर की जांच में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रथम दृष्टया दोषी

Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana: सामूहिक विवाह में चांदी की जगह 'गिल्ट' मंगलसूत्र