“हम अगला राजा रघुवंशी न बन जाएं” — युवक ने महिला के खिलाफ पुलिस से लगाई मदद की गुहार, महिला ने भी दी शिकायत

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva


छतरपुर, मध्य प्रदेश: राजा रघुवंशी मर्डर केस के बाद अब युवाओं में एक नया डर देखने को मिल रहा है। ऐसा ही एक मामला छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक ने एक महिला के खिलाफ पुलिस में आवेदन देकर कहा है कि उसे उस महिला से सुरक्षा चाहिए क्योंकि उसे डर है कि कहीं वह अगला ‘राजा रघुवंशी’ न बन जाए। वहीं इस मामले में महिला ने भी पलटवार करते हुए SP ऑफिस जाकर उसी युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।


क्या है मामला?

शिकायत करने वाले युवक की पहचान लकी विकास पटेरिया के रूप में हुई है। लकी ने बताया कि उसकी पहली मुलाकात उस महिला से इंस्टाग्राम पर हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। लकी के मुताबिक, महिला ने उसे रील्स बनाने के लिए प्रेरित किया और उसकी कई तस्वीरें अपने फेसबुक पेज पर अपलोड कर दीं। जब यह सब उसके परिवार को पता चला तो स्थिति बिगड़ गई।

लकी का कहना है कि जब उसने महिला को यह सब बंद करने को कहा तो महिला ने दावा किया कि वे शादीशुदा हैं और यदि वह उसे अपने घर नहीं रखेगा तो वह उसे जेल भिजवा देगी। लकी के अनुसार, उसने जब महिला से दूर रहने की कोशिश की तो महिला ने ज़हर पीने की धमकी दी और फिर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की।

सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि युवक ने महिला पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो पहले से शादीशुदा है और सेक्स रैकेट जैसे आपराधिक मामलों में जेल जा चुकी है। युवक ने पुलिस से गुहार लगाई है कि मामले की गहराई से जांच की जाए ताकि उसे किसी झूठे केस में न फंसाया जाए।


महिला का पलटवार: शादी का झांसा और शारीरिक शोषण का आरोप

महिला ने SP ऑफिस पहुंचकर युवक पर गंभीर आरोप लगाए। उसके मुताबिक, युवक ने उसे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और जब महिला ने साथ रहने की बात की तो उसने इंकार कर दिया। महिला का कहना है कि युवक ने उससे शादी जरूर की है, लेकिन अब उसे अपनाने से इनकार कर रहा है। साथ ही महिला का आरोप है कि युवक के परिवारवाले उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

महिला ने यह भी दावा किया कि वह गर्भवती हो गई थी लेकिन बाद में अबॉर्शन कराना पड़ा। महिला ने चेतावनी दी कि यदि उसे कुछ भी होता है तो इसके लिए आनंद पटेरिया और लकी पटेरिया जिम्मेदार होंगे।


पुलिस की प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर नौगांव थाना प्रभारी (TI) सतीश सिंह ने कहा कि युवक की शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच की जा रही है। उन्होंने बताया,

“युवक का आरोप है कि एक युवती ने प्रेमजाल में फंसाकर उस पर आर्थिक और मानसिक दबाव बनाया। युवती के खिलाफ पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और उसने पहले भी किसी से विवाह किया था।”

TI ने आश्वासन दिया है कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।


पृष्ठभूमि में ‘राजा रघुवंशी मर्डर केस’ की छाया

यह पूरा मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि हाल ही में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड ने समाज में एक डर का माहौल बना दिया है। उस घटना में भी सोनम नामक महिला द्वारा अपने पति की हत्या कर दी गई थी, जिसे वह हनीमून पर लेकर गई थी। छतरपुर का यह नया मामला कहीं न कहीं उस केस की परछाईं को फिर से जीवित करता दिख रहा है।

Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana: कलेक्टर की जांच में जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रथम दृष्टया दोषी

Mukhyamantri Kanya Vivah Yojana: सामूहिक विवाह में चांदी की जगह 'गिल्ट' मंगलसूत्र