रावघाट परियोजना से नाराज किसान उतरे रेलवे ट्रैक पर

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Farmers angry with Raoghat project landed on railway track

रिपोर्टर: जावेद खान

अंतागढ़ में अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन शुरू

अंतागढ़: रावघाट परियोजना से जुड़ी रेलवे लाइन को लेकर वर्षों पुराने वादों के खिलाफ आखिरकार किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्राम कच्चे से लेकर रावघाट क्षेत्र तक के किसानों ने आज अंतागढ़ रेलवे स्टेशन के सामने अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन की शुरुआत कर दी।

रावघाट माइंस से लौह अयस्क के परिवहन के लिए बिछाई गई इस रेल पात को लेकर रेलवे प्रबंधन और भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) ने पहले जनसुनवाई में ग्रामीणों से कई वादे किए थे। लेकिन किसानों का आरोप है कि रेल संचालन शुरू होने के बाद भी वे वादे अब तक अधूरे हैं।

प्रभावित किसानों ने रेल पटरियों पर धरना देते हुए कहा कि जब तक रेल प्रबंधन और बीएसपी के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर चर्चा नहीं करते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन के चलते अंतागढ़ से रायपुर, भिलाई, दुर्ग जाने वाली ट्रेनों को अंतागढ़ से पहले केवटी स्टेशन में ही रोक दिया गया। इससे आम रेल यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे की ट्रेन के रद्द होने की सूचना यात्रियों को समय पर दे दी गई थी, लेकिन दोपहर 1:30 बजे रायपुर जाने वाली ट्रेन के बारे में जानकारी नहीं मिलने से यात्री भीषण गर्मी में बेहद परेशान नजर आए।

आरपीएफ और स्थानीय पुलिस बल आंदोलन स्थल पर तैनात है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

किसानों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और वादों को पूरा नहीं किया जाता, वे पीछे नहीं हटेंगे।

यह आंदोलन अब न सिर्फ एक स्थानीय मुद्दा रह गया है, बल्कि रावघाट परियोजना के वादों और विश्वासघात का प्रतीक बनता जा रहा है।