BY: Yoganand Shrivastva
रीवा (मध्य प्रदेश): मऊगंज विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में एक पत्रकार के साथ हुई कथित अभद्रता के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जानकारी के अनुसार, विधायक नईगढ़ी थाने पहुंचकर खुद को गिरफ्तार करने की जिद पर अड़ गए, जिससे थाने में पिछले दो घंटे से भारी हलचल मची हुई है।
विधायक की जिद, पुलिस की समझाइश
विधायक प्रदीप पटेल के थाने पहुंचते ही वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन विधायक अपनी बात पर अडिग रहे और गिरफ्तारी की मांग करते रहे। इस दौरान थाने में नाटकीय माहौल बना रहा।
एसपी ने दी मामले पर सफाई
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर मऊगंज जिले के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने स्पष्ट किया कि पत्रकार के साथ की गई कथित अभद्रता की जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी हिमाली पाठक को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और विधायक द्वारा बताए गए पक्ष को भी जांच में शामिल किया गया है।
जल्द होगी वैधानिक कार्रवाई
एसपी सोनी ने यह भी आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं किया जाएगा।
कंकालिन तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ..यह भी पढ़े



