Report: Imran khan
Chhatarpur News बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक बयान को लेकर छतरपुर में विरोध प्रदर्शन की तैयारी है। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित वक्तव्य के विरोध में यादव महासभा ने आज प्रदर्शन का ऐलान किया है। दोपहर 12 बजे से प्रस्तावित इस प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
रेलवे स्टेशन से लेकर बागेश्वर धाम तक पुलिस की निगरानी
Chhatarpur News प्रदर्शन को देखते हुए छतरपुर रेलवे स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। देर रात पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
बागेश्वर धाम जाने की तैयारी में यादव महासभा के कार्यकर्ता
Chhatarpur News जानकारी के मुताबिक, यादव महासभा के कार्यकर्ता बागेश्वर धाम जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर आपत्ति जताते हुए संगठन ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है।
बाबा के समर्थन में सर्व हिंदू समाज भी सक्रिय
Chhatarpur News दूसरी ओर, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में सर्व हिंदू समाज के लोगों के भी सामने आने की तैयारी है। ऐसे में दोनों पक्षों की गतिविधियों पर पुलिस नजर बनाए हुए है। प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने की चुनौती है। फिलहाल छतरपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।


