Report; Pradeep bansal
Cyber Fraud मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में टेलीग्राम के माध्यम से निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। माचलपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए असम से 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक युवक से कुल 2 लाख 4 हजार 320 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि शेष राशि MRM पोर्टल के माध्यम से पीड़ित को वापस कराई गई।
टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर जमा कराए रुपये
Cyber Fraud पुलिस के अनुसार, ग्राम खेड़ी पोलखेड़ा निवासी 27 वर्षीय घनश्याम वर्मा ने 27 जुलाई 2026 को माचलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि टेलीग्राम के जरिए एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे निवेश पर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। आरोपी ने अलग-अलग तरीकों से उससे कुल 2,04,320 रुपये जमा करा लिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 223/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के बाद असम में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
Cyber Fraud मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण की मदद से संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद माचलपुर पुलिस की टीम असम पहुंची और ग्राम अमलासी, जिला नौगांव निवासी अब्दुल रसीद (30) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपये नकद जब्त किए। वहीं, ठगी की शेष राशि MRM पोर्टल के माध्यम से पीड़ित को वापस कराई गई। इस तरह पुलिस ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पीड़ित को उसकी रकम लौटाने की कार्रवाई भी की।
‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत हुई कार्रवाई
Cyber Fraud यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के साइबर जागरूकता एवं कार्रवाई अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी खिलचीपुर धर्मवीर सिंह नागर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
इस अभियान में थाना प्रभारी उप निरीक्षक आदित्य सोनी, उप निरीक्षक राहुल सेंधव, आरक्षक ब्रजेश देसाई, राहुल राजपूत और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।
राजगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लिंक, QR कोड और संदिग्ध कॉल से सावधान रहें। ऑनलाइन निवेश के नाम पर असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का लालच देने वाले प्रस्तावों की जांच किए बिना पैसे न भेजें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


