Mandi News हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पैराग्लाइडिंग के दौरान एक रूसी पायलट के साथ हादसा हो गया। उड़ान भरते समय उसका पैराग्लाइडर अचानक हाईटेंशन बिजली की तारों में उलझ गया, जिसके बाद वह हवा में ही फंस गया। जमीन से करीब 150 फीट की ऊंचाई पर तारों के बीच अटके पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मेहड़ गांव में हुआ हादसा, तारों में उलझा पैराग्लाइडर
Mandi News जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंडी शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर मेहड़ गांव की है। यहां पैराग्लाइडिंग के दौरान रूसी पायलट का पैराग्लाइडर हाईटेंशन बिजली की लाइन में फंस गया। देखते ही देखते पायलट आसमान में तारों के सहारे लटक गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई।
बिजली सप्लाई बंद, मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें
Mandi News सूचना मिलते ही संबंधित बिजली लाइन की सप्लाई बंद कर दी गई, ताकि बचाव अभियान के दौरान करंट का खतरा न रहे। एसडीएम मंडी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। ऊंचाई पर फंसे पायलट को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू टीम जुटी हुई है।
पायलट को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी
पायलट के नीचे गिरने की स्थिति में चोट का खतरा देखते हुए जमीन पर गद्दे और तिरपाल बिछाए गए हैं। हालांकि, हाईटेंशन तारों में फंसे व्यक्ति तक सुरक्षित पहुंचना बचाव दल के लिए चुनौती बना हुआ है। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और पायलट को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।


