BY: Yoganand Shrivastva
Rajasthan News झुंझुनू के छापोली गांव में रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकराई, ग्रामीणों ने शुरू किया धरनाराजस्थान के झुंझुनू जिले में सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। छापोली गांव में काम करते समय करंट की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सोमवार को आठ मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आई रोड़ी मिलाने वाली मशीन
Rajasthan News पुलिस के मुताबिक, छापोली गांव में सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन थी। तार के संपर्क में आते ही मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में आठ मजदूरों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, धरना शुरू
Rajasthan News हादसे के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा और पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में घटना को लेकर तनाव और लोगों की नाराजगी बनी हुई है।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख
Rajasthan News मजदूरों की मौत पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे को दुखद बताते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घटना की जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सड़क निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने कार्यस्थल पर बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की विस्तृत जानकारी और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।


