BY: Yoganand Shrivastva
Finland Blind Date दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में शामिल फिनलैंड ने सिंगल लोगों के लिए एक अनोखा ऑफर पेश किया है। यहां प्यार की तलाश कर रहे अविवाहित लोगों को ब्लाइंड डेट के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस यात्रा में चुने गए प्रतिभागियों का हवाई टिकट, होटल में ठहरने, खाने-पीने और घूमने का पूरा खर्च आयोजक उठाएंगे। इस खास पहल के तहत दुनिया के अलग-अलग देशों से 16 सिंगल लोगों को चुना जाएगा।
16 लोगों को मिलेगा फिनलैंड घूमने का मौका
Finland Blind Date फिनलैंड के पर्यटन प्रोत्साहन संगठन ‘विजिट फिनलैंड’ ने ‘फिनिश डिनर डेट’ नाम से यह विशेष अभियान शुरू किया है। इसका आयोजन 9 फरवरी से 19 फरवरी 2027 के बीच किया जाएगा।
इस अभियान के लिए चुने गए 16 प्रतिभागियों में से 8 को राजधानी हेलसिंकी और अन्य 8 को टैम्परे शहर जाने का अवसर मिलेगा। पूरी यात्रा का खर्च आयोजकों की ओर से उठाया जाएगा। इस दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय खान-पान, संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और मनोरंजक गतिविधियों का अनुभव भी कराया जाएगा।
खास डिनर डेट और स्थानीय लोगों से मुलाकात
Finland Blind Date इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण सामूहिक डिनर होगा। इसमें विदेशों से पहुंचे 8 प्रतिभागियों के साथ फिनलैंड के दो स्थानीय सिंगल लोग भी शामिल होंगे। सभी मिलकर देश के एक प्रमुख शेफ द्वारा तैयार विशेष व्यंजनों का स्वाद चखेंगे।
इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए सॉना, आउटडोर गतिविधियां और पर्यटन स्थलों की सैर जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। बिजनेस फिनलैंड की अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग से जुड़ी वरिष्ठ निदेशक हेली जिमेनेज के अनुसार, फिनलैंड की खान-पान संस्कृति लोगों को एक-दूसरे और स्थानीय जीवनशैली से जोड़ने का माध्यम है।
इस पहल के पीछे फिनलैंड का एक खास डेटिंग ट्रेंड ‘सिंकुकोरी’ यानी सिंगल बास्केट भी प्रेरणा बना है। यहां कई सुपरमार्केट में गुलाबी रंग की खरीदारी टोकरी रखी जाती हैं। इनके जरिए सिंगल लोग यह संकेत देते हैं कि वे नए लोगों से बातचीत और मुलाकात करने के इच्छुक हैं।
10 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
Finland Blind Date इस अनोखे आयोजन में शामिल होने के लिए 10 नवंबर 2026 को फिनलैंड के स्थानीय समयानुसार सुबह 11:59 बजे तक आवेदन किया जा सकता है। चयनित प्रतिभागियों की घोषणा 1 दिसंबर 2026 को विजिट फिनलैंड के इंस्टाग्राम और टिकटॉक खातों पर की जाएगी। चयनित लोगों को 48 घंटे के भीतर जवाब देना होगा, अन्यथा उनकी जगह दूसरे आवेदक को मौका दिया जा सकता है।
इसमें 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दुनिया के किसी भी देश के अविवाहित लोग आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, फिनलैंड के निवासी इस अभियान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
ऐसे करना होगा आवेदन
आवेदन के लिए इच्छुक लोगों को अंग्रेजी में एक छोटा वीडियो बनाना होगा। इसमें उन्हें बताना होगा कि वे डिनर डेट पर कौन-सा खाना परोसना चाहेंगे और उसके पीछे उनकी क्या वजह होगी।
इस वीडियो को अपने सार्वजनिक सोशल मीडिया खाते पर #FinnishDinnerDate हैशटैग के साथ पोस्ट करना होगा और विजिट फिनलैंड को टैग करना होगा। यूट्यूब पर वीडियो को अनलिस्टेड मोड में भी अपलोड किया जा सकता है। इसके बाद आधिकारिक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर वीडियो का लिंक देना होगा।
आवेदकों का चयन उनकी रचनात्मकता, मौलिकता और सवाल के व्यक्तिगत जवाब के आधार पर किया जाएगा। प्रतिभागियों को वीडियो में अपना ही मूल दृश्य और ध्वनि इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।


