Report by: Hemant
Dewas Collector Action: देवास में शासकीय कार्यों में लापरवाही और जिम्मेदारी से बचने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने शासकीय काम करने से इंकार कर रहे 93 परिवीक्षाधीन पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित पटवारियों को तीन दिन के भीतर अपना काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि तय समयसीमा में काम शुरू नहीं करने वाले पटवारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इसमें सेवा से हटाने, निलंबन और विभागीय जांच जैसी कार्रवाई शामिल है। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासकीय कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
Dewas Collector Action में अतिक्रमण और मध्यान्ह भोजन पर भी सख्ती
बैठक के दौरान शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के मामलों की भी समीक्षा की गई। अतिक्रमण हटाने में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने तहसीलदारों को सख्त हिदायत देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर है।
वहीं बिच्छाखेड़ी स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में सामने आई लापरवाही को भी गंभीरता से लिया गया। मामले में जिम्मेदार शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
इसके अलावा देवास जिले में 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ महाअभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
read also: Ashoknagar: चलती स्कूटी के हैंडल के पास दिखा 4 फीट लंबा सांप, चालक ने सड़क पर छोड़ी गाड़ी


