BY: Yoganand Shrivastva
Biroul Job Fair दरभंगा के बिरौल में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में स्थानीय युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी पाने का अवसर मिला। रोजगार की तलाश में शनिवार सुबह से ही जेके कॉलेज परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। गौड़ाबौराम, बेनीपुर, घनश्यामपुर, किरतपुर समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मेले में पहुंचे। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिया।
रजिस्ट्रेशन के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़
Biroul Job Fair रोजगार मेले के पहले दिन रजिस्ट्रेशन के लिए लंबी कतार देखने को मिली। 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया। पंजीकरण के बाद कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया।
कई क्षेत्रों की कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
Biroul Job Fair मेले में आईटी, सेल्स, मार्केटिंग, टेक्नीशियन, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी और डिलीवरी सहित कई क्षेत्रों की कंपनियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर देने की व्यवस्था की गई। अलग-अलग पदों के लिए 12 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन की पेशकश की गई है।
स्थानीय स्तर पर रोजगार से पलायन कम करने पर जोर
Biroul Job Fair रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं में अपने क्षेत्र में ही नौकरी मिलने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। युवाओं का कहना था कि रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाने से पहले स्थानीय स्तर पर अवसर मिलना राहत की बात है। मेले में कंपनियों से सीधे बातचीत और साक्षात्कार का मौका भी मिला।
रोजगार मेले का उद्घाटन एमएलसी सर्वेश कुमार, गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार और बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। एमएलसी ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराते हैं। विधायक सुजीत कुमार ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ थीम के तहत मेले का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और रोजगार के लिए होने वाले पलायन को कम करना है। वहीं, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी ने कहा कि बिरौल अनुमंडल में इस स्तर का रोजगार मेला युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।


