रिपोर्टर: वंदना रावत
CM Yogi Adityanath चित्रकूट में भीषण बाढ़ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित 800 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले बाढ़ आने पर तत्कालीन सरकार इसका संज्ञान तक नहीं लेती थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय बहुत ज्यादा हो-हल्ला होने पर प्रभावित लोगों को केवल सूखी ब्रेड दे दी जाती थी, जबकि अब प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक करीब 50 किलो राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
‘पहले एक किलो सामान नहीं मिलता था, अब 50 किलो राहत सामग्री’
CM Yogi Adityanath सीएम योगी ने कहा कि पहले बाढ़ प्रभावित परिवारों को एक किलो राहत सामग्री भी ठीक से नहीं मिल पाती थी, जबकि अब सरकार की ओर से करीब 50 किलो की राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें चावल, आटा, आलू, दाल, तेल, चना, लाई, मसाले समेत जरूरी खाद्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को डिग्निटी किट भी दी जा रही है, जिसमें बाल्टी, मग, ढक्कनयुक्त बाल्टी और बरसाती जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत सामग्री में कुल 26 तरह की चीजें शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा राहत की धनराशि बिना भेदभाव के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जा रही है।
आठ फ्लड यूनिट ने संभाला मोर्चा, सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण
CM Yogi Adityanath मुख्यमंत्री ने बताया कि जिस समय चित्रकूट में अचानक बाढ़ आई, उस वक्त वह बलिया के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर थे। सूचना मिलते ही उन्होंने अधिकारियों को एसडीआरएफ और पीएसी की अतिरिक्त फ्लड कंट्रोल कंपनियां चित्रकूट भेजने के निर्देश दिए। उनके मुताबिक, कुछ ही घंटों में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पीएसी की फ्लड यूनिट की कुल आठ कंपनियां राहत और बचाव कार्य में जुट गईं।
सीएम योगी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद रामघाट और आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनका हाल जाना और बच्चों से भी मुलाकात की। इस दौरान बाढ़ में आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाणपत्र और राहत राशि भी वितरित की गई।
‘चित्रकूट ने प्रभु राम को आश्रय दिया, अब मैं चित्रकूटवासियों के साथ हूं’
CM Yogi Adityanath मुख्यमंत्री ने चित्रकूट की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रभु श्रीराम को वनवास हुआ था, तब चित्रकूट ने उन्हें आश्रय दिया था। आज जब चित्रकूटवासी संकट में हैं तो प्रभु के भक्त होने के नाते वह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने गरीबों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों, व्यापारियों और साधु-संतों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ से जिसका भी नुकसान हुआ है, सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।
CM Yogi Adityanath सीएम योगी ने कहा कि बाढ़ या अग्निकांड में किसी गरीब का घर पूरी तरह नष्ट होने पर पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया घर उपलब्ध कराया जाएगा। पात्रता न होने की स्थिति में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास और जमीन का पट्टा देने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने नदी के कैचमेंट क्षेत्र में अनियोजित निर्माण को भी गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि नदी के स्वाभाविक प्रवाह के लिए पर्याप्त जगह जरूरी है। वहीं, उन्होंने कहा कि इतनी भीषण बाढ़ के बावजूद चित्रकूट में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रभावित इलाकों में राहत शिविरों में भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


