Report: Sartaj khan
Teachers Day शिक्षक दिवस के अवसर पर फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर और जिला पंचायत प्रशासक मोनिका यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम में गोरखपुर से आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

बच्चों को तकनीक के सही इस्तेमाल की दें जानकारी
Teachers Day जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शिक्षकों की पूरे वर्ष की मेहनत और लगन का सम्मान ही शिक्षक सम्मान है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और किताबी ज्ञान के साथ-साथ मोबाइल व इंटरनेट के सकारात्मक और सही इस्तेमाल की जानकारी भी दें। आधुनिक तकनीक का सदुपयोग देश और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
गुरु का जीवन में होना ईश्वरीय कृपा के समान
Teachers Day सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन में गुरु का होना ईश्वरीय कृपा के समान है। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और लगन के साथ करना चाहिए।
49 शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
Teachers Day विधायक सुशील कुमार शाक्य ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश स्तर पर सम्मानित किए गए शिक्षकों में फर्रुखाबाद की शिक्षिका गीता वर्मा भी शामिल हैं, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 परिषदीय और 9 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों, यानी कुल 49 शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


