MP TET Offline Exam 2026 : भोपाल। शिक्षक दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षकों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर आयोजित होने वाली MP TET Offline Exam 2026 अब ऑफलाइन मोड में होगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के हित में जरूरी निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 5 सितंबर को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इससे पहले एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। समारोह में प्रदेश के चयनित 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

MP TET Offline Exam 2026 : CM ने की बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत होने वाली TET परीक्षा ऑफलाइन मोड पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का प्रयास है कि मध्यप्रदेश के शासकीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था इतनी मजबूत हो कि वे निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन करें।
MP TET Offline Exam 2026 : गुरु-शिष्य परंपरा भारत की गौरवशाली विरासत: CM यादव
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की गुरुकुल और गुरु-शिष्य परंपरा दुनिया की सबसे प्राचीन परंपराओं में शामिल है। भारत ने हमेशा ज्ञान और मानवता को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया है। तक्षशिला, नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों के माध्यम से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत शांति, स्थिरता और आर्थिक मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रहा है और विश्व भारत की ओर उम्मीद के साथ देख रहा है।
MP TET Offline Exam 2026 : शिक्षकों की मेहनत का सम्मान करती है मध्यप्रदेश सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी भी देश की दिशा और दशा तय करने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। देश का नक्शा भले ही कागज पर तैयार होता है, लेकिन देश का भविष्य कक्षाओं में शिक्षक तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने विद्यार्थियों की सफलता को कई वर्षों तक याद रखते हैं और जब उनका शिष्य उनसे आगे बढ़ता है तो यह उनके लिए सबसे बड़े गर्व की बात होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार शिक्षकों की मेहनत और योगदान का सम्मान करती है।
उन्होंने दावा किया कि बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में मेरिट सूची में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी स्थान बनाते हैं। यह शिक्षकों के मार्गदर्शन और मेहनत का परिणाम है।
MP TET Offline Exam 2026 : CM बोले- गुरुओं ने भगवान को भी तराशा
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण और महर्षि सांदीपनि का उदाहरण देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की धरती का शिक्षा और गुरु परंपरा से गहरा संबंध है। भगवान श्रीकृष्ण उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने आए थे। उन्होंने यहां 64 कलाओं और 14 विद्याओं का ज्ञान प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि महर्षि सांदीपनि ने श्रीकृष्ण में भविष्य के पुरुषार्थ और पराक्रम को पहचाना। इसी तरह महर्षि विश्वामित्र ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के भीतर मौजूद क्षमता और पराक्रम को पहचाना और उनके व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
MP TET Offline Exam 2026 : राज्यपाल बोले- शिक्षा को वैश्विक जरूरतों के अनुरूप बनाना जरूरी
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शिक्षक सम्मान समारोह में कहा कि शिक्षक ज्ञान और संस्कार के माध्यम से देश का भविष्य तैयार करते हैं। उन्होंने भारत के दूसरे राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर प्रदेशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि आज शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रह गई है। बदलते समय के साथ शिक्षा को वैश्विक जरूरतों और रोजगार के अवसरों के अनुरूप लगातार अपग्रेड और इनोवेट करने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानने और उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने में मदद करने का आह्वान किया।
MP TET Offline Exam 2026 : बच्चों को संस्कार और सहनशीलता सिखाने पर जोर
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में माता-पिता और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों से उनकी पढ़ाई और स्कूल में दिनभर की गतिविधियों के बारे में बातचीत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों को अपने परिवार के बच्चों की तरह पढ़ाना चाहिए। बच्चों में सहनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है, ताकि वे भविष्य में अपने माता-पिता और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझ सकें।
MP TET Offline Exam 2026 : विकसित भारत @2047 में शिक्षकों की अहम भूमिका: उदय प्रताप सिंह
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस पूरे देश में गुरुजनों के सम्मान के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के सामने आने वाली कानूनी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने की दिशा में काम कर रही है।
MP TET Offline Exam 2026 : इन 33 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया गया सम्मानित
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में शिवलाल दांगी, धन्नालाल बिसेन, रीतेश कुमार पथाड़े, सुखनंदन साहू, नरेंद्र कुमार भारद्वाज, ओम प्रकाश विश्वकर्मा, महेंद्र सिंह ठाकुर, राकेश कुमार गुप्ता, शिखा शर्मा, लोकेंद्र सिंह पंवार, ज्योति पाठक, राकेश कुमार वर्मा, सुरेश चंद्र सोनी, शर्मिला उपाध्याय, रीना देवी कटरे, हेमंत कुमार वैद्य, राकेश द्विवेदी, सीमा परमार, पूनम मिश्रा, बिहारीलाल प्रजापति, अरुण कुमार भादे, बलराम अहिरवार, मुकेश कुमार शर्मा, अरुण कुमार मित्तल, मुकेश प्रजापति, मनीष तिवारी, अजय कुमार मिश्रा, मुकेश नागर, राजेश महेश्वरी, मोहित कुमार गर्ग, पूजा पांडे, सतीश पांडे, श्वेता तिवारी, अजिता, शीला पटेल और भैरूलाल ओसारा के नाम शामिल हैं।
शिक्षक दिवस पर आयोजित इस समारोह में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की भूमिका और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। वहीं MP TET Offline Exam 2026 को ऑफलाइन कराने की मुख्यमंत्री की घोषणा को शिक्षक वर्ग के लिए महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।


