रिपोर्ट: इम्तियाज अंसारी
Helicopter Service : देवघर, श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इस बार एक नई और आकर्षक सुविधा शुरू की गई है। राज्य सरकार के नागर विमानन विभाग ने देवघर में हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन शुरू कर दिया है, जिससे श्रद्धालु अब बाबा बैद्यनाथ धाम और आसपास के धार्मिक स्थलों का आकाशीय दर्शन कर सकेंगे।

यह सेवा कुंडा स्थित हथगढ़ मैदान से संचालित की जा रही है। एक उड़ान में पांच यात्री सफर कर सकेंगे और देवघर शहर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का हवाई दृश्य देख पाएंगे।
Helicopter Service : बाबा धाम के लिए 2850 रुपये में हवाई दर्शन
नागर विमानन विभाग के पदाधिकारी नग नारायण प्रसाद ने बताया कि श्रद्धालु 2850 रुपये में बाबा बैद्यनाथ धाम और देवघर शहर का हवाई दर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए अलग-अलग पैकेज तय किए गए हैं—
Helicopter Service : बाबा बैद्यनाथ धाम और देवघर शहर: ₹2850
त्रिकूट पर्वत: ₹3850
बासुकीनाथ धाम: ₹4550
पहले दिन ही दिखा श्रद्धालुओं का उत्साह
सेवा शुरू होने के पहले ही दिन श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर से बाबा धाम का दर्शन करने में रुचि दिखाई।
नग नारायण प्रसाद के अनुसार, सेवा के सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और मौसम विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। सभी उड़ानें निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत संचालित की जा रही हैं।
Helicopter Service : धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिला प्रशासन का मानना है कि यह हेलीकॉप्टर सेवा केवल श्रावणी मेले का आकर्षण ही नहीं बढ़ाएगी, बल्कि देवघर और आसपास के धार्मिक पर्यटन को भी नई गति देगी। इससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को कम समय में प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन की सुविधा मिल सकेगी।
श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। ऐसे में हेलीकॉप्टर सेवा बुजुर्गों, दूरदराज से आने वाले यात्रियों और सीमित समय में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है।
ये भी जानिए : IMD Rain Alert: 18 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, एमपी समेत कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट



