Report: Vijay Ahirwar
Illegal Liquor Sale गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र स्थित भिंडरा गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण फतेहगढ़ थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव में कथित रूप से हो रही अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की कुछ किराना दुकानों से खुलेआम शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
Illegal Liquor Sale बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा नकारात्मक असर
ग्रामीणों का कहना है कि किराना दुकानों जैसी सार्वजनिक जगहों पर शराब की बिक्री से गांव की युवा पीढ़ी और बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। शाम होते ही कई स्थानों पर शराबियों के जमावड़े लगने लगे हैं, जिससे गाली-गलौज, विवाद और मारपीट जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थिति का सबसे अधिक असर मजदूर वर्ग के परिवारों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।
Illegal Liquor Sale कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने दावा किया कि इस संबंध में पहले भी पुलिस को जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जब गांव के लोगों ने संबंधित दुकानदारों को शराब बिक्री बंद करने के लिए कहा, तो उन्हें धमकाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा गांव परिवार सहित धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। फिलहाल पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।



