BY
Yoganand Shrivastava
Gurugram Thar Accident गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे में 57 वर्षीय घरेलू सहायिका की मौत हो गई। बताया गया कि महिला पार्किंग क्षेत्र में आराम कर रही थी, तभी एक निवासी अपनी थार एसयूवी को रिवर्स करते समय उसे देख नहीं पाई और वाहन महिला के ऊपर चढ़ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Gurugram Thar Accident मृतका महोबा की निवासी, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी गुड्डी के रूप में हुई है, जो सोसायटी के एक फ्लैट में घरेलू कामकाज करती थीं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद वाहन चालक महिला शव को दोबारा सोसायटी की पार्किंग में छोड़कर चली गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
Gurugram Thar Accident CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल थार वाहन को जब्त कर लिया है और चालक महिला से पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





