BY
Yoganand Shrivastava
Samastipur जहां आज के दौर में शादियां हेलीकॉप्टर और महंगी गाड़ियों के प्रदर्शन का जरिया बनती जा रही हैं, वहीं बेगूसराय के छौराही प्रखंड के एक युवक ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए परंपरा और पर्यावरण का सहारा लिया। दूल्हा प्रिंस यादव अपनी बारात लेकर किसी कार में नहीं, बल्कि सजी-धजी बैलगाड़ी पर सवार होकर समस्तीपुर के हसनपुर के लिए निकले।
Samastipur विधायक अभिषेक आनंद ने भी की बैलगाड़ी की सवारी
इस बारात की सबसे चर्चा वाली बात चेरिया बरियारपुर के जेडीयू (JDU) विधायक अभिषेक आनंद की मौजूदगी रही। विधायक न केवल इस बारात में शामिल हुए, बल्कि उन्होंने खुद भी बैलगाड़ी पर बैठकर समस्तीपुर तक का सफर तय किया। विधायक के अंगरक्षक और सहयोगी भी इसी पारंपरिक यात्रा का हिस्सा बने, जिसे देखकर रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
Samastipur पर्यावरण संरक्षण और परंपरा का संगम
दूल्हा प्रिंस यादव (पुत्र चंद्रकांत यादव) की इस पहल को समाज में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। विधायक के सहयोगी महेश कुशवाहा ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना था। पूरी बारात को पारंपरिक तरीके से सजाया गया था, जो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रही है।
Samastipur सोशल मीडिया पर हो रही सराहना
17 अप्रैल को आयोजित हुई इस शादी के वीडियो और तस्वीरें अब चर्चा का विषय हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गाड़ियों के शोर और प्रदूषण के बीच यह ‘इको-फ्रेंडली’ बारात सादगी की मिसाल है। लोगों ने विधायक अभिषेक आनंद की भी प्रशंसा की है कि उन्होंने एक आम नागरिक की तरह पारंपरिक सवारी को प्राथमिकता दी।
Read this: Agra: ISBT के सामने धूं-धूं कर जला ई-टेंपो, सवारियों ने चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान





