रिपोर्ट: शैलेंद्र पारे
Ratlam जिले के सैलाना रोड स्थित धामनोद बायपास पर सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सामान से भरा एक सीएनजी लोडिंग ऑटो रिक्शा अचानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते चालक और उसका साथी वाहन से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
इंदौर से सैलाना जा रहा था सामग्री से भरा वाहन
Ratlam जानकारी के अनुसार, चालक कपिल साहू अपने साथी के साथ पियाजियो कंपनी का सीएनजी लोडिंग ऑटो लेकर इंदौर से सैलाना की ओर जा रहे थे। वाहन में विभिन्न सरकारी स्कूलों के लिए म्यूजिक सिस्टम और अन्य महत्वपूर्ण शिक्षण सामग्री भरी हुई थी। दोपहर करीब 1:00 बजे जैसे ही ऑटो धामनोद बायपास के पास पहुँचा, उसमें अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या सीएनजी रिसाव की आशंका जताई जा रही है।
बीच सड़क पर ‘लाइव’ तांडव, बाधित हुआ यातायात
Ratlam आग इतनी भीषण थी कि लपटें आसमान छूने लगीं और काला धुआँ काफी दूर से ही दिखाई दे रहा था। घटना का ‘लाइव’ वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जलते वाहन के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं। कुछ ही मिनटों में पूरा ऑटो रिक्शा और उसमें रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को कुछ देर के लिए रोक दिया गया, जिससे बायपास पर जाम की स्थिति बन गई।
फायर ब्रिगेड की कार्रवाई और जांच
Ratlam घटना की सूचना मिलते ही धामनोद नगर परिषद की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, जब तक दमकल की गाड़ी पहुँची, तब तक वाहन का ढांचा ही शेष बचा था। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के सही कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
Read this: Chhapra: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का भव्य अभिनंदन, बसडिला में अबीर-गुलाल के साथ मना ‘होली मिलन’





