BY: Yoganand Shrivastva
Nagastra-1R Drone Delivery भारतीय सेना को स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (एसडीएएल) ने सेना को नागास्त्र-1R लोइटरिंग म्यूनिशन की 450 इकाइयों की आपूर्ति पूरी कर दी है। कंपनी के अनुसार, यह किसी निर्माता की ओर से भारतीय सेना को एक बार में दी गई इस प्रकार के हथियारों की सबसे बड़ी खेप है। सेना ने यह ऑर्डर आपातकालीन खरीद प्रक्रिया के तहत दिया था।
कामिकाजे हमले के लिए तैयार किया गया नागास्त्र-1R
Nagastra-1R Drone Delivery नागास्त्र-1R को सेना की विशेष परिचालन जरूरतों के अनुसार विकसित किया गया है। यह कम दूरी के सैन्य अभियानों में कामिकाजे हमले के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, इस प्रणाली में मिशन को बीच में रद्द करने और ड्रोन को सुरक्षित वापस हासिल करने का विकल्प भी दिया गया है।
मार्च 2025 में महाराष्ट्र के मकलोह स्थित एसएफटीएस में हुए तकनीकी परीक्षणों में चार कंपनियों ने हिस्सा लिया था। कंपनी का दावा है कि इन परीक्षणों में एसडीएएल ही सभी परिचालन मानकों पर खरी उतरी।
कम लागत में सटीक हमले की क्षमता पर जोर
Nagastra-1R Drone Delivery कंपनी के अनुसार, कई वास्तविक परीक्षणों के दौरान लक्ष्य पर निशाना लगाने की क्षमता के आधार पर प्रणाली की सटीकता का आकलन किया गया। मौजूदा वैश्विक संघर्षों में ड्रोन तकनीक की बढ़ती भूमिका के बीच स्वदेशी लोइटरिंग म्यूनिशन को कम लागत में सटीक हमला करने की क्षमता वाले विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
एसडीएएल अब अपनी लोइटरिंग म्यूनिशन प्रणालियों की तैनाती का विस्तार करने और भारतीय सशस्त्र बलों के साथ दीर्घकालिक सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।
नागास्त्र-1 का विकास और स्वदेशी तकनीक
Nagastra-1R Drone Delivery नागास्त्र-1 को सोलर इंडस्ट्रीज, नागपुर की सहायक कंपनी इकोनॉमिक्स एक्सप्लोसिव्स लिमिटेड ने बेंगलुरु की जेड-मोशन की मदद से डिजाइन और विकसित किया है। कंपनी के मुताबिक, नागास्त्र-1 में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
हाल के वर्षों में रूस-यूक्रेन सहित विभिन्न संघर्षों में ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल सैन्य रणनीति का अहम हिस्सा बना है। ऐसे में स्वदेशी प्रणालियों का विकास और उनकी आपूर्ति भारतीय सशस्त्र बलों की तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

