Omkareshwar : आस्था का सैलाब, क्रिसमस अवकाश पर 70 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जाम और अव्यवस्थाओं से जूझे भक्त

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Omkareshwar 

Report by: Lalit Dubey, Edit by: Priyanshi Soni

Omkareshwar  : ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में क्रिसमस अवकाश के चलते आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बीते 24 घंटों में 70 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहने से प्रशासन के सामने यातायात और दर्शन व्यवस्था बड़ी चुनौती बन गई।

Omkareshwar  : 4 किमी लंबा जाम, 3–4 घंटे में पहुंचे मंदिर

ग्राम कोठी से ओंकारेश्वर के बीच करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में 3 से 4 घंटे का समय लग गया। यही स्थिति ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिर दर्शन मार्ग की भी रही।

5 घंटे में हुए दर्शन, कई श्रद्धालु ध्वजा दर्शन कर लौटे

भीड़ अधिक होने के कारण श्रद्धालुओं को करीब 5 घंटे में बाबा के दर्शन हो सके। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए कई श्रद्धालु ध्वजा दर्शन कर ही लौटने को मजबूर हुए। मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन को लेकर लगातार चेतावनियां भी जारी की जा रही थीं।

शौचालय और वैकल्पिक मार्गों की कमी से परेशानी

श्रद्धालु अर्जुन पांडे ने बताया कि भविष्य में वैकल्पिक मार्गों की सख्त जरूरत है। मंदिर से बाहर निकलते ही महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नौका संचालन शाम 5 बजे बंद, उद्घोषणा जारी

नगर परिषद द्वारा उद्घोषणा केंद्र से शाम 5 बजे नौका संचालन बंद किए जाने की जानकारी दी जा रही थी। इससे भी श्रद्धालुओं को नर्मदा परिक्रमा और आवागमन में दिक्कतें आईं।

टेंपो की भरमार से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

अत्यधिक संख्या में टेंपो संचालन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक अव्यवस्थित नजर आई। पुलिस और प्रशासन को स्थिति संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

5 जनवरी तक रहेगी भीड़, प्रशासन के लिए चुनौती

2025 की विदाई और 2026 की अगवानी को लेकर अनुमान है कि 5 जनवरी तक श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में पार्किंग, यातायात और दर्शन व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।